" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

आम आदमी पार्टी ने गडकरी के खिलाफ शिकायत दर्ज की


नागपुर - आम आदमी पार्टी 'आप' ने आयकर अधिकारी विरोधी टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी के खिलाफ शिकायत दायर की है। गडकरी ने भाजपा अध्यक्ष पद से कार्यमुक्त होने के एक दिन बाद 24 जनवरी को नागपुर हवाई अड्डे पर कहा था कि वह अब पद की गरिमा से बंधे नहीं हैं। उन्होंने वस्तुत: आयकर अधिकारियों को धमकी दी थी और दावा किया था कि जब केन्द्र में भाजपा की सरकार बनेगी तो उन अधिकारियों को कोई नहीं बचाएगा। एएपी नेता गिरिश नंदगावंकर ने कल राल सोनेगांव हवाई अड्डा पुलिस थाने में गडकरी के खिलाफ शिकायत दायर की।

पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा था कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और वित्त मंत्री पी. चिदंबरम भी आयकर अधिकारियों की रक्षा करने में सक्षम नहीं होंगे। गडकरी की इस टिप्पणी पर आयकर अधिकारियों के शीर्ष निकाय ने कड़ी प्रतिक्रिया की थी। इस प्रतिक्रिया के बाद गडकरी यह कहते हुए पलट गए कि उनके बयान को ‘‘तोड़ा मरोड़ा गया है और उसकी गलत व्याख्या की गई है।’’ 

पुलिस निरीक्षक टी. के. वाहिले ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए आज सुबह पीटीआई को बताया कि पुलिस शिकायत पर गौर कर रही है।  वाहिले ने कहा, ‘‘यह एक गैर-संज्ञेय मामला है और अभी तक गडकरी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं रिपीट नहीं किया गया है।’’

आइबीआइ का खुलासा, पाक ने हेमराज के हत्यारे को दिए 5 लाख


नई दिल्ली : एलओसी पर इंडियन आर्मी के जवान हेमराज सिंह का सिर काटने की कलई धीरे-धीरे खुलने लगी है। मिलिटरी खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि इस बर्बर कार्रवाई में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई प्रत्यक्ष रूप से शामिल थी। पाकिस्तान की इस बर्बर कार्रवाई में दो भारतीय सैनिक मारे गए थे। इसमें लांस नायक हेमराज सिंह का सिर काट लिया गया था। मिलिटरी खुफिया विभाग ने इस रिपोर्ट को 'सेकेंड हैंड इन्फर्मेशन' के आधार पर तैयार किया है। सीनियर सिक्यूरिटी ऑफिसर के मुताबिक रिपोर्ट देश की दूसरी सुरक्षा एजेंसियों से साझा की गई है। हालांकि फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। 

खुफिया विभाग को उपलब्ध सोर्स से पता चला है कि आईएसआई ने 'बोर्डर ऐक्शन टीम' के जरिए इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस ऐक्शन टीम में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्करे तैयबा और जैश-ए-मोहमम्द को शामिल किया गया था। इस रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि लश्कर ने सिर काटने वाले को 5 लाख रुपए का इनाम भी दिया।

गौरतलब है कि 8 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के मेंढर सेक्टर में लांस नायक हेमराज सिंह और सुधाकर सिंह की डेड बॉडी बरामद की गई थी। इसमें हेमराज सिंह की बॉडी से सिर गायब था। इन्हें मारने के बाद भी डेड बॉडी से साथ अमानवीय व्यवहार किया गया था। इस बर्बर घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान को कटघरे में खड़ा किया तो उसने शामिल होने से साफ इनकार कर दिया। लेकिन इंडियन आर्मी ने आधिकारिक रूप से कहा था कि यह पाकिस्तानी सैनिकों की कायराना हरकत है।


अंग्रेजी दैनिक 'हिन्दुस्तान टाइम्स' के मुताबिक खुफिया विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अभी इस रिपोर्ट की पुष्टि बाकी है इसलिए ज्यादा डिटेल नहीं बता सकते। पाकिस्तानी आर्मी 'बॉर्डर ऐक्शन टीम' को भारत के खिलाफ आतंकी कार्रवाई के लिए एक राणनीतिक टूल की तरह इस्तेमाल कर रही है। बैट(बॉर्डर ऐक्शन टीम) ही आतंकियों के लिए भारत के खिलाफ तमात तरह की रणनीति तैयार करती है।

अन्ना हैं महात्मा गांधी से ज्यादा भरोसेमंद: सर्वे



मुंबई: अन्ना हजारे के आंदोलन में अब भले वह आग नहीं रही लेकिन आज भी वह देश में सबसे भरोसेमंद शख्सियत हैं। ताजा सर्वे से पता चलता है कि देश में भरोसेमंद शख्स के मामले में अन्ना और ब्रैंड में नोकिया का कोई मुकाबला नहीं। अन्ना हजारे को सबसे भरोसेमंद शख्स का खिताब लगातार दूसरी बार मिला है। 



'ट्रस्ट रिसर्च अडवाइजरी' ने 'द ब्रैंड ट्रस्ट रिपोर्ट 2013' टाइटल से इस सर्वे को अंजाम दिया है। सर्वे में जहां अन्ना हजारे सबसे भरोसेमंद शख्स के रूप में उभरे हैं तो मोबाइल हैंड सेट बनाने वाली कंपनी नोकिया सबसे भरोसेमंद ब्रैंड के रूप में उभरी है। 'ट्रस्ट रिसर्च अडवाइजरी' के एग्जेक्युटिव चीफ एन. चंद्रमौली ने कहा कि अन्ना लगातार दूसरी बार इस पोजिशन पर मजबूती से कायम हैं। 



राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को इस सर्वे में 12वीं पोजिशन मिली है। बापू साउथ इंडिया के सुपर स्टार रजनीकांत से काफी आगे हैं। रजनीकांत 35वें नंबर पर हैं। इस सर्वे में 1,100 मोस्ट ट्रस्टेड ब्रैंड 211 कैटिगरी में रखे गए थे। इसमें शख्सियत, गैजिट, कंज्यूमर प्रॉडक्ट, रीटेल टेक्नॉलजी, बैंकिंग, सरकारी संस्थान, टेलिकॉम और एयरलाइंस के साथ अन्य कैटिगरी थी। 



बॉलिवुड ऐक्टर आमिर खान लंबी छलांग लगाकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वह पिछले साल पांचवें नंबर पर थे। आमिर खान की लोकप्रियता 'सत्यमेव जयते'से काफी बढ़ी है। सलमान खान एक पायदान नीचे खिसकर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। शाहरुख खान, आमिर और सलमान के बाद हैं। पहली बार बिजनस कैटिगरी में उद्योगपति धीरूभाई अंबानी को भी जगह गई थी और उन्हें इस लिस्ट में दूसरी पोजिशन मिली। सचिन तेंडुलकर को भरोसेमंद खिलाड़ी में पांचवीं पोजिशन मिली है।


वीडियो शेयर करना न भूलें : अन्ना की आज पटना में विशाल जनतंत्र रैली

वीडियो शेयर करना न भूलें : अन्ना की आज पटना में विशाल जनतंत्र रैली


गांधी और जेपी की कर्मभूमि पर अन्ना हजारे की 'क्रांति'



दिल्ली में गरजने वाले अन्ना हजारे, आज बिहार में रैली कर रहे हैं. गांधी और जेपी की कर्मभूमि से अपनी क्रांति का नया अध्याय लिखने चले हैं अन्ना हजारे.



भ्रष्टाचार के खिलाफ देशभर में अलख जगाई वाले अन्ना अब आंदोलन का दूसरा अध्याय लिखने जा रहे हैं. अब तक दिल्ली और मुंबई में जनलोकपाल की हुंकार भरने वाले अन्ना ने आंदोलन की दोबारा शुरुआत के लिए बिहार की धरती को चुना है. अन्ना बुधवार को पटना में रैली कर रहे हैं. जिसके बाद अन्ना देशभर में जनलोकपाल की अलख जगाएंगे.



यानी जिस बिहार की धरती ने महात्मा गांधी और जेपी के आंदोलनों को नए तेवर दिए थे, अन्ना भी वहीं से अपनी आवाज बुलंद करेंगे. गांधी जी ने बिहार के ही चंपारण से आंदोलन की शुरुआत की थी और अहिंसा को हथियार बनाते हुए अग्रेजों को हिन्दुस्तान छोड़ने पर मजबूर किया था, तो जेपी ने इसी बिहार से संपूर्ण क्रांति का नारा देकर दिल्ली के तख्त को हिला दिया था. अन्ना भी इसीलिए पटना के उसी ऐतिहासिक गांधी मैदान में जनतंत्र रैली कर रहे हैं.



जनलोकपाल के आंदोलन का हश्र एक बार देख चुके हैं अन्ना हजारे, इसीलिए पटना से नई शुरुआत करने के लिए अन्ना ने गांधी जी के शहादत दिवस को रैली के लिए चुना है. साथ ही जेपी निवास में ठहरने का फैसला कर खुद को गांधी और जेपी की विरासत से जोड़ने की कोशिश की है.



जनलोकपाल आंदोलन का नया अध्याय है. तो अन्ना के कुछ साथी भी नए हैं. इसबार अन्ना के साथ कुछ नए चेहरे भी रैली में शामिल होंगे. पटना की रैली में पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह, समाजसेवी मेधा पाटकर और किरण बेदी के भी शामिल होने की उम्मीद है. नए जोश और नई उमंग के साथ फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ ताल ठोंक रहे हैं अन्ना हजारे, इस उम्मीद के साथ कि 16 अगस्त को रामलीला मैदान में हुई अगस्त क्रांति जैसी लहर ही एक बार फिर पैदा होगी. इस आंदोलन में सिर्फ जनलोकपाल की बात नहीं होगी. बल्कि अन्ना भ्रष्टाचार के साथ व्यवस्था परिवर्तन की भी बात कर रहे हैं.





अन्ना हजारे की जनतंत्र रैली के लिए पटना का गांधी मैदान तैयार



पटना: पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान प्रख्यात समाजसेवी अन्ना हजारे की जनतंत्र रैली को लेकर पूरी तरह तैयार है। रैली के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं व आगंतुकों पर सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी।


पटना में कोहरे के बावजूद गांधी मैदान में अन्ना को सुनने के लिए सुबह से ही लोग पहुंचने लगे हैं। रैली में लोगों को गांधी की खून से सनी मिट्टी की शपथ दिलाई जाएगी।  


जनरल बीके सिंह ने बुधवार को बताया कि रैली में महात्मा गांधी के खून से सनी मिट्टी को सामने रखकर लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की शपथ दिलाई जाएगी। रैली दोपहर 12 बजे प्रारम्भ होगी। अन्ना खुली जीप में जेपी कुटिया से गांधी मैदान पहुंचेंगे।


उन्होंने बताया कि मंगलवार की देर शाम मुम्बई से समाजसेवी निर्मलेंदु गांधी की खून से सनी मिट्टी को लेकर पटना पहुंचे। उन्होंने बताया कि गांधी की हत्या क बाद यह मिट्टी इंग्लैंड ले जाकर नीलाम कर दी गई थी।


इधर, पटना के पुलिस अधीक्षक (नगर) जयकांत ने बताया कि गांधी मैदान में सुरक्षा के लिए 500 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। इसके अतिरिक्त त्वरित प्रतिक्रिया दल की तैनाती व ब्रजवाहन और वाटर कैनन का इंतजाम किया गया है।


गांधी मैदान और उसके आसपास के इलाकों में खुफिया तंत्र की पैनी निगाह है। मैदानी भाग से लेकर मंच तक पुलिस की पैनी निगाह रहेगी। सीसीटीवी कैमरे के जरिये सुरक्षा और ट्रैफिक की निगरानी की जाएगी।


इस बीच अन्ना को सुनने के लिए सुबह से ही लोग गांधी मैदान पहुंचने लगे हैं। रैली में हजारों लोगों के भाग लेने की संभावना है।

लोकपाल पर सरकार जनता को भटका रही है: अन्ना हजारे


नई दिल्ली - लोकपाल को लेकर लड़ाई लड़ रहे समाजसेवी अन्ना हजारे बुधवार को पटना के गांधी मैदान में रैली करने वाले हैं. पटना निकलने से पहले दिल्ली में अन्ना हजारे ने लोकपाल के मुद्दे पर सोनिया गांधी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा.

अन्ना हजारे ने एलान किया कि वे लोगों को जगाने के लिए अगले डेढ़ साल तक देश भर का दौरा करेंगे.

कैबिनेट में लोकपाल बिल रखे जाने से दो दिन पहले अन्ना ने सोनिया गांधी और केंद्र सरकार पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि 2 साल में जनलोकपाल कानून को लेकर सरकार ने कई आश्वासन दिया लेकिन अभी तक कानून नहीं बन सका है.

आपको बता दें कि सोनिया गांधी ने अन्ना हजारे को चिट्ठी लिख कर कहा था कि सरकार संसद के अगले सत्र में लोकपाल बिल लाएगी और सरकार पूरी कोशिश करेगी कि वे इस बिल को कानून का रूप दे पाएं.

बुधवार को अन्ना हजारे पटना के गांधी मैदान में रैली करने वाले हैं और रैली से एक दिन पहले दिल्ली में अन्ना हजारे ने एलान किया कि लोगों को जगाने के लिए वो अगले डेढ़ साल तक देश भर का दौरा करेंगे.

अन्ना ने कहा कि चुनाव के एलान होते ही वो रामलीला मैदान पहुंचेंगे और जनता सड़कों पर उतरेगी.

सरकार ने लोकपाल बिल को लोकसभा से तो पास करा लिया था लेकिन राज्यसभा में बिल लटक गया था.

इसके बाद बिल सेलेक्ट कमेटी को सौंप दिया गया था सेलेक्ट कमेटी ने अपनी रिपोर्ट राज्यसभा में पेश कर दी है, अब कैबिनेट के विचार के बाद बिल राज्यसभा से पास होगा इसके बाद एक बार इसे लोकसभा में पेश किया जाएगा ताकि बिल में जो बदलाव किए गए हैं उनपर लोकसभा की मुहर लगाई जा सके.

" "