" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

अन्ना ने दी केजरीवाल को शुभकामनायें


राजनीतिक तरीकेसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बिगुल फूंकने वाले अरविंद केजरीवाल को शुभकामना देते हुए अन्ना हजारे ने कहा है कि उनका अरविंद से कोई विरोध नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब खुद को अन्ना का समर्थक बताने वाले कुछ लोगों ने केजरीवाल के कार्यक्रम में रविवार को हंगामा किया था। उन्होंने केजरीवाल की प्रेसवार्ता में हंगामा करने वाली एनी कोहली को भी जानने से इन्कार किया है। 

अन्ना ने इस विवाद के बाद सोमवार को कहा कि वे एनी कोहली नाम की किसी महिला को नहीं जानते। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि वे खुद भले राजनीति में नहीं जाएं, लेकिन अरविंद के राजनीति में जाने को गलत भी नहीं मानते। अपने गांव रालेगण सिद्धी में उन्होंने कहा, जो लोग राजनीतिक तरीके से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना चाहते हैं, उनके प्रति मेरी शुभकामना है। मेरे साथ काम करने के इच्छुक साथियों को समझना होगा कि हमारी लड़ाई भ्रष्टाचार से है। अरविंद या अन्य किसी साथी से नहीं।

कोहली की ओर से किए गए हंगामे के दौरान मौजूद लोगों ने दावा किया है कि कोहली के साथ आए लोगों में विष्णु गुप्ता भी था। यह वही व्यक्ति है, जिसने प्रशांत भूषण के दफ्तर में घुस कर उन पर हमला किया था। कोहली जिस गाड़ी पर आई थी, उस पर एक राजनीतिक पार्टी का झंडा भी लगा था।

IAC की मुहीम रंग लायी, डीईआरसी ने बिजली की दरें घटाई

बढ़ते विरोध के चलते दिल्ली सरकार ने राज्य में बिजली की कीमतों में कटौती करने की घोषणा की है।

दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग (DERC) ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली की दरों में मामूली बदलाव किया है। इस बदलाव के बाद उपभोक्ताओं को पहली 200 यूनिट बिजली की खपत के लिए 3.70 पैसे प्रति यूनिट की दर से देने होंगे। 200 से 400 यूनिट बिजली खर्च करने पर 5.50 पैसे प्रति यूनिट और 400 से 600 यूनिट पर ग्राहकों को 6.50 पैसे प्रति यूनिट देने पड़ेगें। 

गौरतलब है कि राज्य में पिछले दस महीनों में चार बार बिजली की दरों में बढ़ोतरी की जा चुकी है। जिसे देखते हुए आईएसी (IAC) सदस्य अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने के लिए दिल्ली सरकार के खिलाफ मुहिम छेड़ दी थी। 

शीला के मानहानि के नोटिस पर अरविंद बोले, डरने वाला नहीं



नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने सोमवार को इंडिया अगेंस्ट करप्शन के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को मानहानि का नोटिस भेजा है। मुख्यमंत्री दीक्षित ने नोटिस में केजरीवाल से उनके लिए इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को वापस लेते हुए माफी मांगने की मांग की है। इस पर केजरीवाल का कहना है कि वह आगे भी मानहानि करते रहेंगे। शीला के नोटिस पर केजरीवाल ने कहा है कि शीला जी की मानहानि हम नहीं कर रहे उनके कुकर्म कर रहे हैं।

गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिनों पहले शीला दीक्षित से कुछ सवाल किए थे। उन्होंने पूछा था कि क्या यह सच है कि दो साल पहले दिल्ली में बिजली की कीमत 23 फीसद कम करने का प्रस्ताव तैयार किया गया था? क्या यह सच है कि सरकार ने इस प्रस्ताव को पास होने से रोका? क्या यह सच है कि दिल्ली हाई कोर्ट ने इस प्रस्ताव को रुकवाने के लिए आपकी सरकार को लताड़ लगाई थी? क्या यह सच है कि आपने 2000 करोड़ की सरकारी संपत्ति उद्योग घरानों को मात्र एक रुपये प्रतिमाह के किराये पर दी है? आखिरी में केजरीवाल ने कहा था कि मुख्यमंत्री बताएं कि बिजली कंपनियों के साथ उनका क्या रिश्ता है? आपकी सरकार निजी कंपनियों के साथ है या जनता के साथ।

केजरीवाल को दिग्विजय की चुनौती, पहले मुझसे बहस करो



कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल इतने बड़े इंसान नहीं हैं कि सोनिया गांधी या राहुल गांधी उनके सवालों का जवाब दें। दिग्विजय ने कहा कि केजरीवाल के सवालों के जवाब देने के लिए मैं ही काफी हूं और जब और जहां बोलें, मैं उनके साथ बहस करने को तैयार हूं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल अपना राजनीतिक आधार बनाने के लिए कांग्रेस पर गलत और झूठे आरोप लगा रहे हैं।


गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के गुना में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने राज्य की बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। दरअसल, केजरीवाल ने सोनिया गांधी, राहुल और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को खुली बहस के लिए चुनौती दी थी।

केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेंस में एनी कोहली ने दागे सवाल


इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आइएसी) के अरविंद केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेंस में रविवार को जोरदार हंगामा हुआ। आइएसी के दफ्तर पर टीम अन्ना की पूर्व सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता एनी कोहली समर्थकों के साथ नारेबाजी करती हुई पहुंचीं। एनी ने केजरीवाल और प्रशांत भूषण के खिलाफ नारेबाजी करके उनके आचरण पर कई गंभीर सवाल दागे।

प्रेस कांफ्रेंस के बीच ही टीम अन्ना की पूर्व सदस्या एनी कोहली अपने समर्थकों के साथ हाथों में बैनर लिए नारे लगाते पहुंच गईं। इस दौरान उन्होंने केजरीवाल, प्रशांत भूषण व शांति भूषण के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। इतना ही नहीं उन्होंने काफी देर तक इनके खिलाफ नारेबाजी भी की। समर्थक इस बात की मांग कर रहे थे कि अन्ना आंदोलन के समय अरविंद केजरीवाल को जो चंदा मिला उसका हिसाब दिया जाए। उसका अब तक कोई ब्योरा नहीं है। एनी व केजरीवाल के समर्थक आमने-सामने आ गए और दोनों में नोंकझोंक शुरू हो गई। इसे देखकर केजरीवाल प्रेस कांफ्रेंस को बीच में छोड़कर अंदर चले गए। हंगामा देख इंदिरापुरम पुलिस फोर्स पहुंची और केजरीवाल को समझा बुझाकर बाहर लाई। केजरीवाल के आते ही एनी कोहली ने एक के बाद एक सवाल शुरू कर दिए। हंगामा और शोर होने के कारण केजरीवाल कुछ समझा नहीं पा रहे थे। एनी कोहली ने केजरीवाल से पूछा कि बलिदान से क्यों डर गए और राजनीति में उतरना उनकी शुरू से ही तो महत्वकांक्षा नहीं थी। क्या आप उदारवादी हैं..?। फिर कोहली ने केजरीवाल से कहा कि वह अपनी स्थिति देश के सामने स्पष्ट करे? इस शोर-शराबे के बीच केजरीवाल ने सिर्फ इतना कहा कि चुनाव लड़ना गलत नहीं है और जो लड़ाई वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं, वह किसी सूरत में बंद नहीं होगी। इतना कह कर केजरीवाल तेज कदमों के साथ आइएसी दफ्तर के अंदर चले गए। अंदर जाते हुए केजरीवाल ने मीडिया को इतना जवाब दिया कि कोहली का सवाल समझ में नहीं आया, अगर आता जो जवाब देता। वह कोहली को नहीं जानते है। इसके बाद एना कोहली ने मीडिया से कहा कि केजरीवाल अन्ना के साथ धोखा कर चुके है। अब वे देश के साथ धोखा कर रहे हैं। अगर सब कुछ सही होता तो अन्ना क्यों टीम भंग करते। केजरीवाल को सवालों का जवाब देना होगा।

इसदौरान दोनों के समर्थकों ने हंगामा किया। हंगामे के बीच भारी पुलिस बल भी मौजूद था। वहीं एनी के साथ भाजपा के कुछ पूर्व कार्यकर्ताओं के होने को लेकर आइएसी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।

दामाद को बचाने के लिए क्रूरता पर उतर आई है कांग्रेस : केजरीवाल


इंडिया अगेंस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं को रविवार को हरियाणा सरकार के आवास पर विरोध-प्रदर्शन करना महंगा पड़ गया। रविवार को सोनिया गांधी के दामाद और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हूड्डा की कथित सांठ-गांठ पर श्वेत पत्र व अशोक खेमका तबादले पर हरियाणा सरकार से सफाई की मांग रहे आईएसी कार्यकर्त्ताओं को पुलिस लाठीचार्ज का सामना करना पडा।

खबर है दिल्ली स्थित हूड्डा आवास पर आईएसी कार्यकर्त्ताओं पर पहले पुलिस ने पानी की बौछार की, लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं हटे तो पुलिस बलपूर्वक लाठी चार्ज किया, जिसमें 60 से अधिक आईएसी कार्यकर्त्ताओं के घायल होने की सूचना है।

आईएसी कार्यकर्त्ताओं पर हरियाणा की कांग्रेस सरकार द्वारा निर्ममता पूर्वक लाठी चार्ज पर अरविंद केजरीवाल ने निंदा करते हुए कहा है कि यह सरकार असहनशील है, हमारे कार्यकर्त्ता सिर्फ हुड्डा से बात करना चाहते थे, लेकिन उन पर पुलिस ने बेरहमी से लाठियां बरसाईं। केजरीवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपने दामाद (रॉबर्ट वाड्रा) को बचाने के लिए कांग्रेस ने यह सब करवाया है।

मालूम हो, रविवार को इंडिया अगेंस्ट के कार्यकर्ता डीएलएफ−रॉबर्ट वॉड्रा और हरियाणा सरकार पर सांठगांठ के आरोपों को लेकर विरोध करने गए थे। उनके साथ मारुति के कुछ बर्खास्त कर्मचारी भी विरोध करने हुड्डा के घर पहुंचे थे। हुड्डा के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे इंडिया अगेंस्ट के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए।

रिपोर्ट के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने हुड्डा के घर के बाहर लगे सुरक्षा बैरियर को तोड़ दिया। इसके बाद भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और वॉटर केनन का इस्तेमाल करना पड़ा। घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।

महत्वपूर्ण बात यह है कि करीब 200 कार्यकर्त्ताओं के साथ उनका कोई बड़ा नेता प्रदर्शन स्थल पर मौजूद नहीं था। प्रदर्शन के बाद हुड्डा के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उधर, अरविंद केजरीवाल घायलों से मिलने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों को लेकर पुलिस और केजरीवाल के बीच तीखी बहस भी हुई।

केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेंस में हंगामा


भ्रष्‍टाचार के खिलाफ टीम केजरीवाल और आईएसी कार्यकर्ताओं का हंगामा तो अक्‍सर सुर्खियों में रहता है, पर कभी-कभी इसके उलट भी नजारा देखने को मिल जाता है. दिल्‍ली में कुछ ऐसा ही वाकया तब देखने को मिला, जब अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में हंगामा खड़ा हो गया.

प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में भारी बहसबाजी 
केजरीवाल की प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में कुछ लोगों ने अचानक जोर-जोर से बोलना शुरू कर दिया. दरअसल एनी कोहली के कुछ समर्थक केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन पर उतारू हो गए. बाद में एनी कोहली और केजरीवाल के बीच बहस भी हो गई.

कौन हैं एनी कोहली?
वैसे एनी कोहली के बारे में अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वे इन्‍हें नहीं जानते हैं. केजरीवाल ने कहा कि उन्‍होंने किसी आंदोलन में पहले कभी भी एनी को नहीं देखा.

" "