" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

अन्ना ने बड़े संघर्ष की चेतावनी दी

अन्ना हजारे ने मजबूत लोकपाल विधेयक के लिए 'बड़ा आंदोलन' छेड़ने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए कड़ा कानून नहीं बनाती तो उसे जाना होगा। अन्ना ने कहा कि वह वर्ष 2014 में होने वाले अगले लोकसभा चुनावों तक मजबूत लोकपाल विधेयक के लिए आंदोलन करेंगे। अगर तब तक कानून नहीं बनाया जाता तो वह चुनावों की घोषणा के तत्काल बाद रामलीला मैदान में धरने पर बैठ जाएंगे।

सरकार पर आरोप: उन्होंने यहां एक सम्मेलन में कहा कि अगर लोकपाल विधेयक संसद में पारित हो गया होता तो यूपीए सरकार के आधे से अधिक मंत्री जेल में होते। वर्तमान कानून इतना मजबूत नहीं है कि भ्रष्टाचार करने वाले को जेल भेजा जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इसलिए कानून नहीं ला रही है क्योंकि उसे लगता है कि वर्तमान परिदृश्य में यह काम नहीं कर सकता। सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत विभिन्न मुद्दों पर सूचना मिलती है, लेकिन इसके पास लोगों को जेल भेजने का अधिकार नहीं है। इसकी वजह से भ्रष्टाचार विरोधी एक कारगर कानून की जरूरत को बल मिलता है।

बेदी का बचाव: टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। इस बारे में उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने लिए या अपने परिवार के लिए यात्रा भत्ता बढ़ा-चढ़ा कर नहीं बताया। जो कुछ उन्होंने किया, उसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने यह समाज के भले के लिए किया।
" "