![](https://blogger.googleusercontent.com/img/b/R29vZ2xl/AVvXsEjBG7J6kNGwV7kBLhj5Bn05qF3MYqlOtcdvwDR31CGb-cmphQlz0wOW-zZDkp4rjT2ctw7VybaK2uJHGpkdHKyxQaQcueSilNe9-s2xWgdFMKxnDK9Rloz4fk5O2q_x_HO_4yyQ1w4cDuA/s400/dr.kumar-vishwas_16.jpg)
अजमेर । टीम अन्ना की कोर कमेटी के सदस्य डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि राजस्थान भ्रष्टाचार का जीता जागता नमूना है। जब अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली तो लोगों को उनसे सुशासन की उम्मीद थी, जो धूमिल हो गई। गहलोत अब भ्रष्ट सरकार के मुखिया साबित हुए हैं।
ऎसे भ्रष्ट मंत्रियों व अधिकारियों के खिलाफ जल्द ही आंदोलन किया जाएगा। डॉ. कुमार ने शनिवार को प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर जमकर निशाने साधे। वे जवाहर रंगमंच में इंडिया अंगेस्ट करप्शन की ओर से भ्रष्टाचार मुक्त भारत विषय पर आयोजित कार्यक्रम में शरीक होने आए थे।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के ऎसे मंत्री, सांसद व राज्यसभा सदस्य, जिन पर कत्ल जैसे संगीन मुकदमे दर्ज हैं। उनकी जांच के लिए एसआईटी व फास्टट्रेट कोर्ट का गठन हो। उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था, लेकिन उनके आरोपों को खारिज कर दिया गया। इसलिए आंदोलन का निर्णय करना पड़ा। जंतर-मंतर पर अरविंद केजरी, मनीष सिसोदिया व गोपाल रॉय अनशन करेंगे। चूंकि अन्ना हजारे का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। इसलिए वह अनशन नहीं करेंगे।
राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार प्रणव मुखर्जी को डॉ. विश्वास ने अयोग्य उम्मीदवार बताया। उन्होंने कहा कि मुखर्जी पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। इनकी जांच होना बाकी है। इसलिए ऎसे व्यक्ति को राष्ट्रपति नहीं बनाया जाना चाहिए।