इंदौर। देश में जल्द मजबूत लोकपाल बिल आएगा लेकिन वह केवल जेलें भरेगा। वास्तव में भ्रष्टाचार मिटाना है तो हर व्यक्तिको अपने में बदलाव लाना होंगे। यह बात पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने सोमवार को होलकर साइंस कॉलेज में आयोजित समारोह में कही।
डॉ. कलाम ने कहा भ्रष्टाचार खत्म करने की शुरुआत युवाओं को करना होगी। कॉलेज की एक छात्रा द्वारा भ्रष्टाचार मिटाने को लेकर युवाओं के व्यक्तिगत योगदान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. कलाम ने कहा युवा ही देश की ताकत है और वही सच्चा युवा है जिसका मन विचलित नहीं होता।
इससे पहले ‘साइंस हमें क्या दे सकता है’ विषय पर अपने उद्बोधन में डॉ. कलाम ने उपस्थित पांच हजार से अधिक छात्रों से आह्वान किया कि हमें सोलर पॉवर के जरिए ज्यादा से ज्यादा बिजली जनरेट करना चाहिए ताकि देश को तरक्की की राह पर तेजी से ले जाया जा सके।
यहां साढ़े चार हजार छात्र होना गर्व की बात- डॉ. कलाम ने कहा मुझे बताया गया कि होलकर साइंस कॉलेज में साढ़े चार हजार छात्र पढ़ते हैं, सुनकर अच्छा लगा। यह गर्व की बात है कि विज्ञान के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। विज्ञान में अपार संभावनाएं हैं।
होलकर कॉलेज साइंस यूनिवर्सिटी बने तो अच्छा- डॉ. कलाम को कॉलेज प्राचार्य डॉ. एस.एल. गर्ग ने होलकर साइंस कॉलेज को साइंस यूनिवर्सिटी बनाने के प्रस्ताव की जानकारी दी। इस पर उन्होंने कहा यह तो बहुत अच्छा प्रस्ताव है।
सफलता के लिए दोस्त जरूरी
डॉ. कलाम ने कहा अगर लाइफ में सफलता पाना है तो तीन दोस्त बनाना होंगे।
पहला दोस्त- बहुत अच्छी भाषा और प्रभावी विषय की किताबें।
दूसरा दोस्त- कोई बहुत अच्छा शिक्षक।
तीसरा दोस्त- हमेशा अच्छे इंसान से संपर्क में रहो।
आईआईएम शुड प्रोड्यूस द लीडर
इंडिया 2020 विजन में यदि इकोनॉमिकली डेवलप नेशन चाहते हैं तो लीडर पैदा करना होंगे। मैनेजर तो सभी प्रोड्यूस करते हैं लेकिन आईआईएम शुड प्रोड्यूस द लीडर। डॉ. कलाम ने सोमवार को आईआईएम स्टूडेंट्स से इंट्रेक्शन में कहा हमें केवल अपने नहीं बल्कि दूसरों के बारे में भी सोचना चाहिए।
हमारी 700 मिलियन आबादी छह हजार गांव में रहती है। रूरल इंडिया और अर्बन इंडिया का गेप खत्म करना होगा। स्टूडेंट्स के ग्रुप 2 और 3 ने न्यूक्लियर पॉलिसी ऑफ इंडिया में न्यूक्लियर पॉवर प्लांट को समझाते हुए उसके उपयोग और उसकी सेफ्टी पर प्रेजेंटेशन दिया। दूसरे ग्रुप ने डेवलपमेंट पॉलिसी ऑफ इंडिया पर प्रेजेंटेशन दिया।