" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

टीम अन्ना बोली, हमें सेनाध्यक्ष पर गर्व है!


नई दिल्ली। टीम अन्ना के प्रमुख सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि केंद्र सरकार लीक से हटकर चलने के कारण सैन्य प्रमुख जनरल वी. के. सिंह को निशाना बना रही है।


केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा कि हम जनरल सिंह के साथ हैं और हमें उन पर गर्व है। सरकार ने लगभग सभी संस्थानों में अपने वफादारों को नियुक्त करके संस्थानों की महत्ता खत्म कर दी है और जो भी सरकार के इशारों पर नहीं नाचता जैसे कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक एवं जनरल सिंह उन्हें कोपभाजन का शिकार होना पड़ता है।


देश के लिए समस्या बन गई है संसद: केजरीवाल 


उन्होंने कहा कि राजनीतिज्ञ भारत की सुरक्षा-व्यवस्था पर चर्चा करने के बजाय राजनीति करने में व्यस्त हैं। अब जनता का धैर्य खत्म हो गया है।


गौरतलब है कि उम्र विवाद के पचड़े में पड़ने के बाद सैन्य प्रमुख विवादों के बवंडर में फंस गये हैं। उन्होंने कुछ दिनों पहले ही एक साक्षात्कार में आरोप लगाया था कि सेना के लिए 600 ट्राटा ट्रकों का सौदा मंजूर करने के लिए उन्हें एक व्यक्ति ने 14 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की पेशकश की थी।


इसके बाद सैन्य प्रमुख का एक पत्र लीक हो गया, जिसमें कहा गया था कि सेना के पास गोला, बारूद की भारी कमी है और हवाई रक्षा के 97 प्रतिशत औजार पुराने पड़ चुके हैं। इस लीक को लेकर कल संसद में भारी हंगामा हुआ था और जनता दल यूनाइटेड, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल ने जनरल सिंह को बर्खास्त करने की मांग की थी।


दूसरी तरफ टीम अन्ना भी सांसदों पर टिप्पणी करने के कारण विवादों के घेरे में हैं। केजरीवाल का कहना है कि जिस तरह से सरकार काम कर रही है उससे लगता है कि वह सशस्त्र सेना और आम जनता के खिलाफ है।

" "