" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

हमें सजा देने से क्या सांसद सुधर जाएंगेः टीम अन्ना

नई दिल्ली।। जंतर-मंतर पर अनशन के दौरान टीम अन्ना की सांसदों पर टिप्पणी से जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव आगबबूला हैं, लेकिन दूसरी तरफ टीम अन्ना अपने रुख पर कायम है। शरद यादव टीम अन्ना के खिलाफ सर्वदलीय प्रस्ताव लाने वाले हैं।


टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल और किरन बेदी ने सोमवार को इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह संसद की इज्जत करते हैं। आज संसद में बैठे कुछ आपराधिक बैकग्राउंड के लोगों को लेकर हम चिंतित हैं। संसद में अच्छे सांसद भी हैं, लेकिन कुछ पर आपराधिक मामले भी चल रहे हैं। 162 पर हत्या, हत्या का प्रयास, करप्शन जैसे संगीन केस हैं। ऐसे लोगों के रहते सख्त लोकपाल कानून की उम्मीद बेमानी है।


केजरीवाल ने कहा कि हम पर संसद के अपमान का आरोप लगाया गया है। क्या उन पार्टियों ने संसद का अपमान नहीं किया है, जिन्होंने इन्हें टिकट दिया है? जब संसद के अंदर बिल फाड़ा जाता है या कुर्सियां फेंकी जाती हैं, तो क्या यह संसद का अपमान नहीं है? जिस संविधान ने उनको कानून बनाने का अधिकार दिया है, उसी ने हमें विरोध का भी अधिकार दिया है.।


उन्होंने कहा कि जब फिल्म ' पान सिंह तोमर ' में हीरो बोलता है कि ससंद में डाकू बैठते हैं तो सारी जनता तालियां बजाती है। क्या यह चिंता का विषय नहीं है ? यह ज्यादा अहम मुद्दा है। हमें सजा देने से क्या यह मुद्दा ठीक हो जाएगा ? क्या इससे कुर्सी तोड़ना, बिल फाड़ना बंद हो जाएगा। टीम अन्ना को टारगेट करने से कुछ नहीं होगा। हम सजा के लिए तैयार हैं, लेकिन हमने कुछ गलत नहीं बोला है। ये आरोप कैग, हाई कोर्ट वैगरह से साबित हुए हैं।


वहीं किरन बेदी ने कहा कि टीम अन्ना ने जो कुछ कहा है वह सबके सामने है। यह पहली बार नहीं कहा गया है। उन्होंने कहा कि फिल्मों में भी यही बातें कही गई हैं। उन्होंने कहा कि काश संसद में कोई अनशन के दौरान जाहिर हुईं जनभावनाओं को समझने के लिए भी स्पेशल सेशन बुलाता।
" "