" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

दिल्ली पुलिस के खिलाफ साथियों के साथ केजरीवाल देंगे गिरफ्तारी


नई दिल्ली। अन्ना के सहयोगी अरविंद केजरीवाल आज अपने साथियों के साथ गिरफ्तारी देने पार्लियामेंट थाने जाएंगे। 26 अगस्त को हुए आंदोलन के बाद दिल्ली पुलिस ने अरविंद और उनके साथियों के खिलाफ पांच मामले दर्ज किए थे। इसके अलावा सैंकड़ों वोलेंटियर को हिरासत में भी लिया था। अरविंद और उनके साथी इसी का विरोध कर रहे हैं।

इस बीच अन्ना हजारे ने साफ कहा है कि उनकी टीम में कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि टीम में मतभेद की कोई गुंजाइश नहीं है और टीम के सभी लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय तौर पर लड़ाई लड़ते रहेंगे। गौरतलब है कि किरण बेदी और अरविंद केजरीवाल में लगातार मतभेद की बातें सामने आती रही हैं।

वहीं किरण बेदी आज भी केजरीवाल के गिरफ्तारी अभियान में शामिल नहीं होंगी, उन्होंने ट्वीट किया है कि वो आज के इस आंदोलन में शामिल नहीं, उन्होंने लिखा है कि वो गैरराजनीतिक हैं और हमेशा आंदोलन, अभियान और मुद्दों के साथ रहेंगी, कई लोग आंदोलन के साथ बने रहते हैं और उनका पूरा ध्यान उन्हीं चीजों में रहता है मैं भी उन्हीं में से एक हूं। मालूम हो कि किरण बेदी ने पिछले दिनों भी आंदोलन में शामिल नहीं हुई थीं और उन्होंने साफ कहा कि उनकी मंशा किसी तरह की राजनीति करना नहीं है।

दरअसल आंदोलन के बाद अरविंद ने पुलिस पर बेवजह मारपीट का इल्जाम लगाया था। इसी इल्जाम को और आगे बढ़ाते हुए। अरविंद केजरीवाल अपने साथियों के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर गिरफ्तारी देने जाएंगे। गिरफ्तारी देने वालों में अरविंद के अलावा मनीष सिसौदिया, संजय सिंह, गोपाल राय और कुमार विश्वास भी होंगे। अरविंद और उनके साथियों का आरोप है कि 26 अगस्त के आंदोलन में शामिल रहे उनके तमाम सहयोगियों को पुलिस प्रताड़ित कर रही है। गिरफ्तारी इसी के विरोध में दी जाएगी।

पुलिस पिछले कुछ दिनों से अरविंद के संगठन इंडिया अगेंस्ट करप्शन के वोलेंटियर्स को पूछताछ लिए बुला रही है। सोमवार को भी पुलिस ने करीब 40 वोलेंटियर्स को पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके विरोध में अरविंद और उनके बाकी सहयोगी खुद थाने जाकर गिरफ्तारी देंगे। पुलिस ने अरविंद और उनके सहयोगियों के खिलाफ 26 अगस्त के आंदोलन के बाद पांच एफआईआर दर्ज की थी। जिसमें दंगा फैलाने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने समेत कई आरोप लगाए थे।
" "