" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

अन्ना समूह की बैठक 19 सितंबर को : किरण बेदी

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने अभियान में आगे की कार्रवाई का फैसला करने के मकसद से 19 सितंबर को अपने घनिष्ठ सहयोगियों की एक बैठक बुलाई है। टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी ने बुधवार को यह जानकारी देने के साथ ही इस बात को दोहराया कि न तो अन्ना हजारे और न ही वह राजनीति में शामिल होंगे। बेदी ने कहा कि आंदोलन के सदस्य अगले सप्ताह बैठक करेंगे जिसमें भ्रष्टाचार को चुनावी मुद्दा बनाने के बारे में आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।


बेदी ने कहा कि अन्ना ने 19 सितंबर को एक बैठक बुलाई है जिसके बाद हमें यह पता चलेगा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई में वह आगे की कार्रवाई के लिए क्या फैसला करेंगे। बेदी यहां दायचे बैंक में एशियाई व्यापार में महिलाएं विषय पर आयोजित एक सालाना सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि फैसले का मकसद मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था से भ्रष्टाचार को खत्म करना है। उन्होंने किसी राजनीतिक पार्टी विशेष का नाम नहीं लिया।

बेदी ने कहा कि राजनीतिक दलों के खिलाफ प्रदर्शन करना चुनौती होगा। इसमें साथ ही यह भी जोर दिया जाएगा कि 2014 के बाद उन्हें दिया जाने वाला कोई भी वोट सशर्त होगा। सम्मेलन के अपने संबोधन में बेदी ने कोरपोरेट जगत में महिलाओं को समर्थन किए जाने की जरूरत पर बल दिया।
" "