" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

यदि शुक्रवार तक असीम के खिलाफ सभी आरोप वापिस नहीं किये तो हम धरना देंगे : केजरीवाल

भ्रष्टाचार विरोधी कार्यकर्ता अरविन्द केजरीवाल ने मंगलवार को मांग की कि यदि जेल में बंद कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी से सभी आरोप वापस नहीं लिए गए तो वह शनिवार से यहां आर्थर रोड़ जेल के बाहर धरने पर बैठेंगे।
 
केजरीवाल ने कानपुर के रहने वाले कार्टूनिस्ट से मिलने के बाद जेल के बाहर संवाददाताओं से कहा कि मैंने असीम से बात की। शुक्रवार तक सभी आरोप वापस लिए जाने चाहिए और उन्हें रिहा किया जाना चाहिए, नहीं तो हम उनकी गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए शनिवार से यहां (आर्थर जेल के बाहर) धरने पर बैठेंगे। या तो आप असीम को रिहा करो या फिर हमें गिरफ्तार करो।

उन्होंने  कहा कि असीम ने लोकपाल के समर्थन में और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी, लेकिन उन्हें देशद्रोही करार दिया गया है। हालांकि, जो कोयला चुरा रहे हैं, उन्हें देशभक्त करार दिया जाता है।

केजरीवाल ने कहा कि असीम के खिलाफ मामले वापस लिए जाने चाहिए क्योंकि महाराष्ट्र के गृहमंत्री आर आर पाटिल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अम्बिका सोनी तथा कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी सहित बहुत से नेता खुद यह कह चुके हैं कि कार्टूनिस्ट के खिलाफ उचित मामला नहीं बनाया गया है।

पच्चीस वर्षीय कार्टूनिस्ट को आठ सितंबर को भादंसं की धारा 124 (राजद्रोह), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 ए और राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम कानून की धारा 2 के तहत गिरफ्तार किया गया था।

उन पर आरोप है कि उन्होंने पिछले साल के अंत में यहां अन्ना हजारे की रैली के दौरान संविधान का मजाक बनाने वाले बैनर लगाए थे और इन्हें अपनी वेबसाइट पर भी डाला था। त्रिवेदी को रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के सदस्य अमित कटरनायी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया था।
" "