" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

अन्ना का 75वां जन्मदिन आज

भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का आज जन्मदिन है। वे शुक्रवार को 75 साल के हो गए। अन्ना हजारे के जन्मदिन पर आप भी अपने बधाई संदेश उन्हें भेज सकते है।


इस दौरान अन्ना अहमदनगर जिले में स्थित अपने गांव रालेगण सिद्धी में ही रहेंगे। रालेगण सिद्धी से अन्ना के सहायक दत्ता अवारी ने फोन पर बताया कि आमतौर पर अन्ना अपने जन्मदिन पर कोई ताम-झाम नहीं किए जाने पर जोर देते हैं।


अवारी ने कहा कि हर साल की भांति इस साल भी पौधरोपण किया जाएगा क्योंकि वह अपना जन्मदिन ताम-झाम के साथ मनाना पसंद नहीं करते। उन्होंने बताया कि हर साल हम पौधरोपण, अनाथ बच्चों के लिए भोजन और रक्तदान शिविर का आयोजन करते हैं। सरकारी अस्पतालों में फल बांटने का कार्यक्रम भी चलाया जाता है।


उल्लेखनीय है कि किशन बाबूराव हजारे उर्फ अन्ना का जन्म 15 जून, 1938 को महाराष्ट्र के भिंगारी गांव में हुआ। 1962 में चीन से युद्ध के बाद भारत सरकार की युवाओं से सेना में शामिल होने की अपील के बाद अन्ना सेना में बतौर ड्राइवर भर्ती हुए थे। 1965 की पाकिस्तान के साथ लड़ाई में उनकी तैनाती खेमकरण सेक्टर में थी। चौकी पर पाकिस्तान के हमले में वहां तैनात सारे सैनिक शहीद हो गए। बमबारी और सैनिकों की शहादत ने अन्ना की ज़िंदगी को हमेशा के लिए बदल दी। अपने साथियों की शहादत से अन्ना का हृदय परिवर्तन हुआ। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के हित से लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने संकल्प लिया कि अब वह देश और देशवासियों की सेवा करेंगे।


1975 में सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में अन्ना ने अपने जीवन को दिशा दी। अन्ना की राष्ट्रीय स्तर पर भ्रष्टाचार के धुर विरोधी सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर पहचान 1995 में बनी थी जब उन्होंने शिवसेना-भाजपा की सरकार के कुछ 'भ्रष्ट' मंत्रियों को हटाए जाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल की। 1990 तक हजारे की पहचान एक ऐसे सामाजिक कार्यकर्ता हुई, जिसने अहमदनगर जिले के रालेगांव सिद्धि नाम के गांव की कायापलट कर दी थी।


इस गांव में बिजली और पानी की जबर्दस्त किल्लत थी। अन्ना ने गांव वालों को नहर बनाने और गड्ढे खोदकर बारिश का पानी इकट्ठा करने के लिए प्रेरित किया और खुद भी इसमें योगदान दिया। अन्ना के कहने पर गांव में जगह-जगह पेड़ लगाए गए। गांव में सौर ऊर्जा और गोबर गैस के जरिए बिजली की सप्लाई की गई। इसके बाद उनकी लोकप्रियता में तेजी से इजाफा हुआ।
" "