" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

1 जुलाई से हरियाणा क्रांति यात्रा शुरू करेंगे केजरीवाल

हिसार। भ्रष्टाचार को देश से खत्म करने और जनलोकपाल बिल को लागू करने में अन्ना टीम के अहम साथी अरविंद केजरीवाल 2 जुलाई को हिसार आ रहे हैं। 25 जुलाई से शुरू होने वाले आमरण अनशन में हरियाणावासियों को आगे लाने के लिए केजरीवाल प्रदेश भर में क्रांति यात्रा शुरू कर रहे हैं। इसमें वे 2 जुलाई को हिसारवासियों को संबोधित करेंगे। केजरीवाल संभवत: वे 1 जुलाई की रात को ही हिसार आ जाएंगे और मौसम साफ रहने पर सुबह 8 बजे टाउन पार्क में ही लोगों को संबोधित करेंगे। यह जानकारी अन्ना के 20 सदस्यीय कोर कमेटी के सदस्य नवीन जैन ने दी।

उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार और दागी मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अन्ना की टीम के तीन सदस्य अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और गोपाल राय 25 जुलाई से आमरण अनशन पर बैठ रहे हैं। इससे पहले अन्ना टीम देशभर के लोगों को इस आंदोलन से जुडऩे के लिए विभिन्न क्षेत्रों में क्रांति यात्रा शुरू कर रहे हैं। इसी कड़ी में केजरीवाल 1 जुलाई से हरियाणा क्रांति यात्रा शुरू करेंगे।

इसमें वे 1 जुलाई की दोपहर को बहादुरगढ़, 3 बजे रोहतक, 4 बजे महम और शाम 5 बजे भिवानी के लोगों से मिलेंगे। यहां से वे रात्रि को ही हिसार में अपने ननिहाल में आ जाएंगे। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को सुबह 8 बजे लोगों को संबोधित करेंगे। उम्मीद है कि वे यहां 11 बजे तक रहेंगे और इसके बाद दोपहर 12 बजे वे जींद पहुंचेंगे और वहां के लोगो को संबोधित करेंगे। वहां से वे दोपहर 2 बजे गोहाना और फिर शाम 4 बजे सोनीपत पहुंचेंगे।
" "