" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

वीरभद्र से टीम अन्ना ने की इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली। मनमोहन सरकार और कांग्रेस को एक तगड़ा झटका लगा है। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ शिमला की कोर्ट ने भ्रष्टाचार का केस चलाने के आदेश दिए हैं। वीरभद्र सिंह के साथ-साथ उनकी पत्नी पर भी कोर्ट ने केस चलाने के आदेश दिए हैं। ये मामला वही है जिसे लेकर टीम अन्ना वीरभद्र सिंह पर निशाना साध रही थी।

कोर्ट के आदेश के तुरंत बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा ‘हम वीरभद्र सिंह से इस्तीफ़े की मांग करते हैं। क्योंकि अगर हिमाचल में कांग्रेस जीत कर आती है तो हो सकता है वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्री बन जाएं। ऐसे में केस अपने आप कमजोर हो जाएगा।

वहीं बीजेपी नेता जे पी नड्डा ने कहा कि यूपीए के सभी मंत्री भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। ऐसी स्थिति में बीजेपी वीरभद्र सिंह से तुरंत इस्तीफ़ा मांगती है, और अगर वो इस्तीफा नही देते हैं तो प्रधानमंत्री को उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर देना चाहिए। जबकि तरुण विजय का कहना है कि यूपीए सरकार की हर सुबह एक नए घोटाले के साथ होती है। इस सरकार को नैतिकता के आधार पर गद्दी छोड़ देनी चाहिए।

वहीं कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने कहा कि आरोप पत्र देखने के बाद जो भी फैसला लेना होगा लिया जाएगा। इसकी पूरी जानकारी प्रधानमंत्री को दी जाएगी।
" "