" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

मनमोहन सिंह का टीम अन्ना और रामदेव पर पलटवार

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कालेधन और भ्रष्टाचार को लेकर अपनी सरकार को निशाना बनाने वालों पर पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि विदेशी बैंकों में जमा काला धन एक ही दिन में वापस नहीं लाया जा सकता और सरकार के खिलाफ लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोप गलत हैं। सरकार भ्रष्टाचार मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है।


सरकार की चुनौतियां गिनाईं
प्रधानमंत्री ने ये बातें कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी ) की बैठक में कही। अपने संबोधन में उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां और इसकी चुनौतियां भी गिनाई। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं। आए दिन यह सुनने को मिलता है कि विदेशी बैंकों में एक बड़ी रकम जमा है। इसे वापस लेने की मांग जोर-शोर से उठाई जाती है, जैसे इसे एक ही झटके में वापस लाया जा सकता है।


सरकार पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पर आरोप लगते रहे हैं कि इसने बड़ी रकम धोखे से लूट रखी है। यह सच नहीं है। सच्चाई यह है कि हमारी सरकार सार्वजनिक जीवन में भ्रष्टाचार से निपटने और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने व जवाबदेही तय करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कई मोर्चो पर हमने विभिन्न कदम उठाकर इसे साबित भी किया है।


जनता को आगाह करें कार्यकर्ता
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का विरोध करने वाले हताश व निराश तत्व गलत सूचनाएं फैला रहे हैं, इनसे प्रभावी तरीके से निपटने की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार के खिलाफ फैलाई जा रही इन गलत सूचनाओं के बारे में जनता को आगाह करें।
" "