" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

भ्रष्टाचारियों के खिलाफ होगी आरपार की लड़ाई : मनीष सिसौदिया

सहारनपुर : टीम अन्ना के सदस्य मनीष सिसौदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती सहित 15 नेताओं पर भ्रष्टाचार का अरोप है। उन्होंने कहा कि यह सब जन लोकपाल बिल के शत्रु हैं। इनके खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़नी होगी।

बुधवार को देर शाम सुड़ाना गांव में विशाल सभा का आयोजन किया गया। जनजागरुकता लाने को चलाए जा रहे इस अभियान की कड़ी में अन्ना की टीम गांव संवाद यात्रा के तहत सुड़ाना व टिकरौल पहुंची। यहां टीम का भव्य स्वागत किया गया। भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलते हुए टीम अन्ना के सदस्य मनीष सिसौदिया ने कहा कि 25 जुलाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू होगी। प्रधानमंत्री व उनकी टीम के मंत्रियों समेत 15 नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पर भ्रष्टाचार कर बेहिसाब दौलत कमाने व मायावती पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप हैं। इसी कड़ी में राजाभइया व येदुरप्पा भी शामिल हैं। कहा कि जब तक ये मंत्री और सांसद जेल नहीं जाएंगे जन लोकपाल बिल कानून नहीं बन सकता। इसलिए जन लोकपाल के इन दुश्मनों के खिलाफ आरपार की लड़ाई है, जो दिल्ली से शुरू होगी। सरकार इन 15 भ्रष्ट नेताओं की जांच एक स्पेशल जांच दल से कराए, जिसमें देश के कुछ जाने माने ईमानदार रिटायर्ड जज हों जो इनकी छह माह में सभी अरोपों की जांच पूरी करें। उन्होंने आह्वान किया कि 25 जुलाई को दिल्ली के जंतर मंतर पर अन्ना के मार्गदर्शन में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया व गोपाल राय अनशन पर बैठेंगे। कहा कि अगर देश को भ्रष्टाचार और अन्याय से बचाना है तो देश के युवाओं को हर तरह का बलिदान देने को आगे आना होगा। तभी देश में क्रांति संभव है। इस मौके पर कवर सिंह, रविंद्र पुंडीर, अजीत राजा आदि ने भी विचार रखे। भारतीय किसान संघ के जिला महामं त्री विक्रम सिंह पुंडीर ने संचालन किया। जसवंत सिंह सैनी, ठा. रामभूल सिंह, मोहर सिंह, विजेंद्र पुंडीर, बाल किशन, मुकेश चौधरी, वेदप्रकाश, विश्वास राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष मानवीर सिंह पुंडीर आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत राणा के आवास व टिकरौल में मनीष सिसौदिया का भव्य स्वागत किया गया।
" "