" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

मनीष सिसौदिया : भ्रष्ट मंत्रियों के खिलाफ जांच हो


खतौली, मुजफ्फरनगर : भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण के लिए निकली अन्ना हजारे कोर कमेटी की टीम मंगलवार को खतौली पहुंची। यहां टीम ने नाटक के जरिए भ्रष्टाचार पर कटाक्ष किए। इस दौरान कोर कमेटी के सदस्य मनीष सिसौदिया ने कहा कि एसआइटी बनाकर केंद्र के 15 भ्रष्ट मंत्रियों के खिलाफ जांच होनी चाहिए।

मंडी धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में मनीष सिसौदिया ने कहा कि आज लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ जागृत हो रहे हैं। उन्होंने मंत्रियों के भ्रष्ट होने पर चिंता जताई और कहा कि इससे देश को भारी नुकसान हो रहा है। कहा कि केंद्र के 15 भ्रष्ट मंत्रियों के खिलाफ एसआइटी बनाकर जांच की जानी चाहिए। इन मंत्रियों के खिलाफ टीम अन्ना 15 जुलाई को दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना देगी। उन्होंने लोगों से इस धरने में शामिल होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।

इससे पूर्व युवा एंटी करप्शन मंच की टीम ने नाटक का मंचन कर भ्रष्टाचार पर तीखे तंज किए। पूर्व प्राचार्य अरुण गोयल, सहयोग संस्था के अध्यक्ष कुलदीप तोमर, अरविंद प्रधान ने टीम का स्वागत किया। कार्यक्रम में विशाल शर्मा, मनवीर भाटी, अरुण गोयल, देवेंद्र ठाकुर, कुलदीप तोमर, सरिता सिंह व संतोष आदि ने विचार रखे।

टीम अन्ना के सदस्य मनीष सिसौदिया ने अन्ना हजारे द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने 25 जुलाई को दिल्ली में होने वाले धरना प्रदर्शन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की है। शाहपुर क्षेत्र के गांव गोयला में जन सेवा समिति के अध्यक्ष राज सिंह आर्य के यहां टीम अन्ना के सदस्य पधारे थे। सिसौदिया ने कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है, सरकारें गांव को लूटने का काम कर रही हैं।
" "