" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

अन्ना ने दी केजरीवाल को शुभकामनायें


राजनीतिक तरीकेसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बिगुल फूंकने वाले अरविंद केजरीवाल को शुभकामना देते हुए अन्ना हजारे ने कहा है कि उनका अरविंद से कोई विरोध नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब खुद को अन्ना का समर्थक बताने वाले कुछ लोगों ने केजरीवाल के कार्यक्रम में रविवार को हंगामा किया था। उन्होंने केजरीवाल की प्रेसवार्ता में हंगामा करने वाली एनी कोहली को भी जानने से इन्कार किया है। 

अन्ना ने इस विवाद के बाद सोमवार को कहा कि वे एनी कोहली नाम की किसी महिला को नहीं जानते। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि वे खुद भले राजनीति में नहीं जाएं, लेकिन अरविंद के राजनीति में जाने को गलत भी नहीं मानते। अपने गांव रालेगण सिद्धी में उन्होंने कहा, जो लोग राजनीतिक तरीके से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना चाहते हैं, उनके प्रति मेरी शुभकामना है। मेरे साथ काम करने के इच्छुक साथियों को समझना होगा कि हमारी लड़ाई भ्रष्टाचार से है। अरविंद या अन्य किसी साथी से नहीं।

कोहली की ओर से किए गए हंगामे के दौरान मौजूद लोगों ने दावा किया है कि कोहली के साथ आए लोगों में विष्णु गुप्ता भी था। यह वही व्यक्ति है, जिसने प्रशांत भूषण के दफ्तर में घुस कर उन पर हमला किया था। कोहली जिस गाड़ी पर आई थी, उस पर एक राजनीतिक पार्टी का झंडा भी लगा था।
" "