" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

खुर्शीद के गढ में केजरीवाल का हल्लाबोल आज

फर्रुखाबाद : केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले अरविंद केजरीवाल आज खुर्शीद के संसदीय क्षेत्र फर्रुखाबाद के लिए कूच कर चुके हैं। केजरीवाल ने सलमान खुर्शीद और उनकी पत्नी पर अपने एनजीओ के जरिये विकलांगों के लिए मिलने वाले सरकारी पैसे के गबन का आरोप लगाया है।


पक्ष-विपक्ष की धमकियों के बीच सरकार ने इस रैली में लाठी−डंडे और हथियार लाने पर रोक लगा दी है। केजरीवाल को 11 शर्तों के साथ रैली की इजाजत दी गई है। साथ ही यहां सुरक्षा के जबर्दस्त इंतजाम किए गए हैं।

ऐसा लग रहा है कि फर्रुखाबाद जंग का मैदान बन चुका है और यहां मामला भ्रष्टाचार से बढ़कर अब इज्जत के सवाल में तब्दील हो चुका है। सलमान खुर्शीद ने कुछ दिन पहले केजरीवाल को धमकी दी थी कि वह फर्रूखाबाद आएं, लेकिन यहां से लौटकर दिखाएं।


इसके बाद भारतीय किसान यूनियन केजरीवाल के समर्थन में उतर आई है और उसके लठैत केजरीवाल की सुरक्षा के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। यह सलमान खुर्शीद का पुश्तैनी इलाक़ा है और वहां पर आने वाले 'मेहमान' को पता चल जाए कि वे किसके घर आए हैं, इसलिए खुर्शीद के समर्थक अपने सलमान भाई के मुखौटे चेहरों पर लगाएंगे। साथ ही केजरीवाल की तर्ज पर सलमान खुर्शीद के नाम की टोपियां भी पहनेंगे।
" "