" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ेगी : अरविंद केजरीवाल


भोपाल - आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली विधानसभा के चुनाव तो लड़ेगी लेकिन फिलहाल अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी।

मध्यप्रदेश में पार्टी के प्रांतीय सम्मेलन में भाग लेने आए केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में तो पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ेगी लेकिन अन्य राज्यों में चुनाव लड़ने के बारे में चुनाव आने के वक्त निर्णय किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मध्यप्रदेश में नौ सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा 33 जिलों में भी सर्वसम्मति से कार्यकारिणी गठित कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय नौ सदस्यीय समिति में शरद सिंह कुमरे, प्रहलाद पांडेय, इन्द्र विक्रम जीत, कमल श्रीवास्तव, अभय वर्मा, अक्षय हुंका, ममता पाठक, शबनम खान, एवं शैलेन्द्र कुशवाह मनोनीत किए गए हैं। उन्होने बताया कि इनमें अभय वर्मा को प्रदेश समन्वयक अक्षय हुंका को सचिव तथा प्रहलाद पांडेय एवं कमल श्रीवास्तव को मीडिया प्रवक्ता बनाया गया है।

केजरीवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंतरिक लोकपाल की भी नियुक्ति की गई है तथा प्रदेश स्तर पर पूर्व पुलिस महानिदेशक अरुण गुर्टू को लोकपाल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई पार्टी स्तर पर गड़बड़ी करेगा तो लोकपाल उनके मामलों को देखेगा और पार्टी लोकपाल की सिफारिशों पर अमल करेगी।
" "