" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

दिल्ली में सड़क के बाद अब सदन में छेड़छाड़ : महिला पार्षदों ने लगाया आरोप


आम को कौन कहे अब तो खास तक छेड़छाड़ की शिकार हो रही हैं। दिल्ली की घूरती नजरों से महिला पार्षद भी अछूती नहीं हैं। सोमवार को सदन की कार्रवाई के दौरान हुए हंगामे के दौरान महिला पार्षदों ने पुरुष पार्षदों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। सोमवार को उस समय नगर निगम उत्तरी के सदन में शर्मनाक स्थिति पैदा हो गई। जब भाजपा की महिला पार्षदों ने हंगामा के दौरान कांग्रेस के बवाना से पार्षद देवेंद्र कुमार पोनी पर गलत बॉडी लैंग्वेज (शारीरिक भाव) का उपयोग करने का आरोप लगाया।

सदन में हंगामा कर रहे कांग्रेस के इन पार्षदों को सदन चला रहीं महापौर ने चार बार निगम आयुक्त से कहा कि पार्षद को सदन से बाहर किया जाए। मगर पार्षद बाहर नहीं गए। सत्ता पक्ष के आरोप के बाद विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस की मलकागंज से पार्षद गुड़्ी देवी ने आरोप लगाया कि भाजपा के पार्षद रामकिशन बंसीबाल ने उनके साथ छेड़छाड़ की है। हालांकि मामला पुलिस में नहीं गया है। पूरा मामला राजनैतिक बना रहा। हो हल्ला मचता रहा और भाजपा व कांग्रेस की महिला पार्षद अभद्रता का आरोप लगाती रहीं।

निगम मुख्यालय में नगर निगम उत्तरी के सदन की बैठक सोमवार को आयोजित की गई थी। बैठक शुरू हुई थी कि कांग्रेस के पार्षदों ने विक्षप के नेता मुकेश गोयल के नेतृत्व में हंगामा शुरू कर दिया। ये लोग नगर गुलाबी बाग अंडरपास का नगर निगम द्वारा फिर से उद्घाटन करने का विरोध कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस से बवाना के निगम पार्षद देवेंद्र कुमार पोनी महापौर के पास जाकर बार-बार हाथ उठाकर हाय हाय करते रहे। इससे नाराज होकर महापौर बैठक छोड़कर चली गई। कुछ देर बाद महापौर फिर से सदन चलाने के लिए अपनी सीट पर आई तो कांग्रेस के पार्षद फिर से जोर जोर हंगामा करने लगे। फिर से वही पार्षद देवेंद्र कुमार पौनी महापौर की सीट के पास पहुंचे गए तो महापौर ने निगम आयुक्त से इन पार्षद को सदन से बाहर निकलवाने के लिए कहा। निगम आयुक्त पी के गुप्ता ने अतिरिक्त आयुक्त पवन शर्मा से नगर निगम के केयर टेकर से कहा।

महापौर का कहना है कि केयर टेकर ने कहा कि पार्षद रिवाल्वर लेकर आता है हमारे पास ऐसे साधन नहीं हैं कि उसे बाहर कर सकें और पार्षद को बाहर नहीं किया गया।

यह सब चल ही रहा था कि कांग्रेस के पार्षद देवेंद्र कुमार महापौर की ओर पीठ कर भाजपा महिला पार्षदों के पास पहुंचे। इसी दौरान भाजपा की पार्षदों ने आरोप लगाया कि देवेंद्र कुमार पोनी ने गलत बॉडी लैग्वेज का इस्तेमाल किया है। इन्हें तुरंत सदन से निकाला जाए। उनकी बात नहीं सुनी गई तो भाजपा की महिला पार्षद सदन के बाहर पोनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं। इस पर महापौर ने बैठक स्थगित कर दी। महापौर मीरा अग्रवाल ने कहा है कि कांग्रेस के पार्षद देवेंद्र पोनी को सदन से निलंबित किया गया है। मंगलवार को वे इस बारे में फैसला लेंगी कि उन्हें कितने दिन के लिए सदन से निकाला जाए और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाए। उधर बैठक समाप्त होने के बाद विपक्ष के नेता मुकेश गोयल की मौजूदगी में मलकागंज से निगम पार्षद कांग्रेस की गुड्डी देवी ने आरोप लगाया कि भाजपा पार्षद रामकिशन बंसीवाल ने उनके साथ छेड़छाड़ की है। मुकेश गोयल का कहना है कि उन्होंने भी भाजपा पार्षद के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए उपराज्यपाल को पत्र लिखा है।

" "