" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

राजनीति से प्रेरित है दिग्विजय की मांग : केजरीवाल

पिछले दिनों मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार मामले पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह द्वारा टीम अन्ना से मांगी गई मदद को अरविंद केजरीवाल ने राजनीति से प्रेरित करार दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने जन लोकपाल बिल को पारित कर देती तो मध्यप्रदेश ही क्यों देशभर में कहीं भ्रष्टाचार नहीं होता। अरविंद सोमवार सुबह हिसार में अपने मामा रामबाबू गुप्ता के घर दैनिक जागरण से बातचीत कर रहे थे।


उन्होंने कहा कि टीम अन्ना से मदद का दिग्विजय सिंह का बयान सियासी है। उन्होंने कहा कि टीम अन्ना एक वर्ष से जन लोकपाल विधेयक की बात कर रही है। जिस कांग्रेस के अहम पद पर दिग्विजय सिंह बैठे हैं, उसकी अगुवाई वाली केंद्र सरकार अगर हमारे सुझाए बिल पारित कर देती तो केंद्र में लोकपाल बन जाता और हर राज्य में सशक्त लोकायुक्त भी। मध्यप्रदेश इससे अछूता नहीं रहता। अरविंद ने कांग्रेस महासचिव से सवाल किया है कि वे क्यों नहीं अपनी पार्टी पर दबाव बनाकर सशक्त लोकपाल बनाते?


एक सवाल के जवाब में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि टीम अन्ना ने प्रधानमंत्री से सुप्रीम कोर्ट के तीन न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली कमेटी बनाने की मांग की है। ये कमेटी टीम अन्ना के सदस्यों पर लगाए गये आरोपों की भी जांच करे। उन्होंने कहा कि अगर आरोप सही साबित हों तो कानून से दो गुना अधिक सजा भुगतने के लिए तैयार हैं। अरविंद ने बाबा रामदेव तथा अन्ना हजारे की अगुवाई को अलग-अलग नजरिये से न देखने की ताकीद की है। उन्होंने कहा कि यह देश के लोगों का आंदोलन है, न बाबा का और न टीम अन्ना का। उन्होंने कहा कि दोनों को अलग-अलग कहने वाले देश को बांटने की बात कहते हैं। भ्रष्टाचार व महंगाई से हर आदमी पीड़ित है, इसलिए सबको साथ आना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बेशक, दोनों आंदोलन अलग-अलग मुद्दों पर है, पर दोनों में ही एक-दूसरे का साथ मिलेगा। टीम अन्ना के सिपहसालार ने कहा कि विचारों में मतभेद हो सकते हैं पर हम बाबा रामदेव का सम्मान करते हैं।


अरविंद ने एकबार फिर किसी राजनीतिक दल के साथ पूर्वाग्रह को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता तो कर्नाटक में येद्दियुरप्पा के खिलाफ संतोष हेगड़े व प्रशांत भूषण जैसे टीम अन्ना के सदस्य मोर्चा नहीं खोलते। टीम अन्ना ने गुजरात में लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं करने के खिलाफ भी आवाज उठाई है। एक और सवाल में उन्होंने कहा कि आतंकवाद भी कहीं न कहीं भ्रष्टाचार की वजह से ही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार खत्म होने से ही आतंकवाद पर भी अंकुश लग जाएगा।
" "