" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

जंतर-मंतर नहीं तो जेल, पर होकर रहेगा अनशन:अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली।भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े जनलोकपाल के लिए 25 जुलाई को होने वाला टीम अन्ना का अनशन फिर से टकराव के रास्ते पर है। अनशन के मुद्दे पर दिल्ली पुलिस और टीम अन्ना में टकराव के पूरे आसार हैं। दिल्ली पुलिस ने टीम अन्ना को जंतर मंतर पर धरने और अनशन की इजाजत देने से इनकार कर दिया है तो टीम अन्ना का गुस्सा सामने आ गया है। टीम अन्ना के अहम सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अनशन हर हाल में होके रहेगा।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर के जरिए कहा है कि देश के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। अनशन हर हाल में होके रहेगा। चाहे जंतर मंतर पर हो या फिर जेल में हो। केजरीवाल के मुताबिक इस तरह का नजरिया लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि अगर इस फैसले के पीछे चिदंबरम हैं तो वो उन 15 मंत्रियों में से एक हैं। जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं और ऐसे में वो हरगिज धरने और अनशन की इजाजत नहीं देंगे।

दूसरी तरफ टीम अन्ना को अनशन की इजाजत नहीं देने के पीछे दिल्ली पुलिस का तर्क है कि इस दौरान संसद का मॉनसून सत्र होगा और जंतर मंतर पर भी कई कार्यक्रम होने है। इस लिहाज से उन्हें इजाजत नहीं दी जा सकती।इस पर केजरीवाल ने पटलवार करते हुए कहा है कि क्या सांसद देश की जनता से भयभीत हैं। आखिर जनता के नुमांइदे खुद को जनता से दूर कब तक रख पाएंगे।
" "