" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

दूसरी आजादी के लिए देश मांग रहा है बलिदान : केजरीवाल

रेवाड़ी। देश की पहली आजादी में युवाओं ने अहम भूमिका निभाते हुए बलिदान दिया था। अब देश पुन: दूसरी आजादी के लिए बलिदान मांग रहा है। इस धर्मयुद्ध में देशवासियों को स्वयं आगे आना होगा। भारत जब तक भ्रष्टचारमुक्त नहीं बनेगा, तब तक अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ी जाएगी। उक्त उद्गार अन्ना टीम के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने आज नगर के तुलाराम पार्क में एक बड़ी जनसभा को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। इस जनसभा का आयोजन इंडिया अगेंस्ट करप्शन संगठन द्वारा किया गया था।

जनसभा में महिला, पुरुषों व युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। सभी अरविंद केजरीवाल की एक झलक देखने व उनका भाषण सुनने के लिए लालायित दिखाई दिए। श्री केजरीवाल ने अपने ओजस्वी भाषण में कहा कि पहले लोग कहते थे कि इस देश का कुछ नहीं हो सकता। लेकिन अन्ना हजारे द्वारा शुरू किए गए आंदोलन के बाद लोग अब यह कहने लगे हैं कि कुछ हो सकता है। उन्होंने कहा कि वे यह बात दावे के साथ तो नहीं कहते कि भ्रष्टाचार कब तक खत्म होगा, लेकिन यह बात तय है कि देश से भ्रष्टाचार अवश्य समाप्त होगा। उन्होंने लोगों से इस यज्ञ में आहूति देने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में जिस दिन जनलोकपाल लागू हो जाएगा, उस दिन देश से भ्रष्टाचार तो दूर होगा ही, अनेक मंत्री व नेता जेल में दिखाई देंगे।

इतना ही नहीं श्री केजरीवाल हरियाणा सरकार पर भी जमकर बरसे। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में जोर-जबरदस्ती से भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। सरकार ने अरावली को लूट लिया है। यह सिलसिला प्रत्येक राज्य में चल रहा है। विकास के नाम पर किसानों की जमीन लेकर उसे बिल्डरों को ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। इसकी शिकायत किससे करें, कौन जांच करेगा, सभी भ्रष्टाचार में डूबे हैं। अन्ना हजारे ने इन सभी मुद्दों को उठाकर देशवासियों को झकझोर दिया है। जनसभा को अन्ना टीम के सदस्य योगेन्द्र यादव, गोपाल राय व शहनाज हिंदुस्तानी ने भी सम्बोधित किया। इस जनसभा में सैकड़ों लोग अन्ना हजारे लिखित टोपी पहने हुए थे और भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे।

नारनौल, (अस/निस)। देश को भ्रष्टïाचार मुक्त बनाने के लिए हम अन्तिम सांस तक लड़ते रहेंगे। जैसे पांडव कम संख्या में होते हुए भी उनके साथ भगवान कृष्ण थे। उसी प्रकार हमारे साथ हमारी सच्चाई, ईमानदारी और भगवान हैं। हम तो निमित्त मात्र हैं, ऐसी कोई शक्ति है जो हमसे यह कार्य करवा रही है। यह उद्गार आज यहां ऐतिहासिक आजाद चौक में इंडिया अगेंस्ट करप्शन द्वारा आयोजित एक विशाल जनसभा में अन्ना टीम के प्रमुख सदस्य अरविन्द केजरीवाल ने व्यक्त किए। श्री केजरीवाल ने कहा कि पिछले डेढ़ साल से अन्ना के नेतृत्व में भ्रष्टïाचार के खिलाफ जो आंदोलन चल रहा है उसने देश के सभी वर्गों हिन्दू, मुसलमान, सिख व ईसाई आदि सब को एक साथ खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पहले जो देश निराशावाद में डूबा दिखाई दे रहा था अन्ना आंदोलन से उसमें एक आशा की किरण दिखाई दे रही है। उन्होंने देश के कानून पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हमारे देश के कानून से भ्रष्टïाचारी नेताओं को बेल हो सकती है परन्तु जेल नहीं । उन्होंने अपनी तीन मांगों को दोहराते हुए कहा कि यदि सरकार हमारी मांगें नहीं मानती है तो 25 जुलाई से अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि वे इस आजादी की दूसरी लड़ाई में बलिदान देने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि आजादी की पहली लड़ाई में भी भगतसिंह व चन्द्रशेखर जैसे युवाओं ने अपनी कुर्बानी दी थी इसी प्रकार यह आजादी की दूसरी लड़ाई भी बलिदान मांगती है। जिसके लिए युवाओं को तैयार रहना होगा।
" "