" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

टीम अन्ना के निशाने पर यूपी के सीएम‎ अखिलेश यादव

आगरा: यूपी सरकार और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अब टीम अन्ना के निशाने पर हैं। रविवार को मलपुरा के गांव खलौआ में आयोजित जनसभा में टीम के सदस्यों ने सपा सरकार के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। उन्होंने यूपी में बिजली को सीएम की दासी बताया। जन लोकपाल बिल पर सपा और बसपा को एक जैसा बताते हुए भ्रष्टाचार मिटाने की जंग के लिए लोगों को दिल्ली का आमंत्रण दिया।


खलौआ गांव में ग्रामीणों ने जुआ, शराब जैसे दुर्गुणों के खिलाफ पिछले दिनों पहल कर इनको गांव से खत्म कर दिया। उनके आमंत्रण पर रविवार को अन्ना की कोर कमेटी के सदस्य गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। इसमें टीम अन्ना के सदस्य संजय सिंह ने सबसे पहले लोगों को दिल्ली में शुरू हो रहे आंदोलन के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि दो तरह के लोग होते हैं। एक ऐसे जो इतिहास बनाते हैं, दूसरे वो जो मिटाते हैं। तय आपको करना है।


अगर इतिहास बनाना है तो 25 को दिल्ली से शुरू हो रहे आंदोलन में पहुंचो। उसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में बिजली सीएम की दासी है। जिस क्षेत्र का मुख्यमंत्री होता है, केवल उसी क्षेत्र में रहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता मूलभूत सुविधाओं को तरस रही है और सीएम विदेश की सैर में व्यस्त हैं। मनीष सिसौदिया ने सपा और बसपा के जन लोकपाल बिल पर रवैये को लेकर टिप्पणी की।


उनका कहना था कि जिस दिन जन लोकपाल बिल की बैठक चल रही थी, उस समय सपा और बसपा के सांसदों का एक साथ लघुशंका के बहाने बाहर आना, उनके इरादों की पोल खोलता है। उन्होंने राष्ट्रपति के चयन पर भी सवाल उठाए। कार्यक्रम में कोर टीम के सदस्य गोपाल कृष्ण ने भी लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग में इतिहास रचने की अपील की। अध्यक्षता ग्राम सुधार समिति के अध्यक्ष केदार सिंह ने और संचालन संजीव कुमार ने किया। इस मौके पर मंजू गुप्ता, सोबरन सिंह, राकेश कुमार, देवेन्द्र धाकरे, रामभरोसी, प्रधान पति विजयसिंह सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इंडिया अगेंस्ट करप्शन की टीम की ओर से दीपक सरीन, सुधीर भारद्वाज, गौरव अरोड़ा, करुणेश अग्रवाल, आकाश जैन, अनमोल बंसल और जेके गुप्ता शामिल रहे।
" "