" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर हल्ला बोल की तैयारी


कांग्रेस के भ्रष्टाचार के विरुद्ध माहौल बनाने को सक्रिय हुई टीम अन्ना ने सूबे में गतिविधियां तेज कर दी हैं। इलाहाबाद से अन्ना संदेश यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। एटा जनपद मुख्यालय पर टीम अन्ना के संदेश यात्रा 22 जुलाई को प्रस्तावित कर दी गई है। इस यात्रा का मकसद इंडिया अगेंस्ट करेप्शन के अभियान के जनक अन्ना द्वारा भ्रष्ट मंत्रियों की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम के गठन की मांग को प्रधानमंत्री द्वारा ठुकरा दिए जाने को लेकर जनजागरण करना है।


अन्ना टीम की कोर कमेटी के सदस्य मनीष सिसोदिया और संजय सिंह अन्ना संदेश यात्रा का एटा में 22 जुलाई को मार्ग दर्शन करेंगे। यहां सायं 4 बजे शहर भर में नगर भ्रमण के बाद अन्ना टीम ठंडी सड़क स्थित शारदा मैरिज हॉल में एक जनसभा करेगी। 15 जुलाई को आगरा में अन्ना टीम की बैठक भी प्रस्तावित कर दी गई है। बैठक में एटा से अन्ना टीम के सदस्य डीके राजपूत प्रतिनिधित्व करने जाएंगे। जहां 22 को एटा आने वाली संदेश यात्रा की तैयारियों से अन्ना टीम के सदस्यों को जानकारी देंगे। इस संदेश यात्रा के दौरान एटा में विभिन्न जागरुकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। जिनमें हस्ताक्षर अभियान, पौधरोपण और अन्ना की झांकी का भ्रमण आदि कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। 24 जुलाई को अन्ना संदेश यात्रा का दिल्ली में समापन होगा।
" "