" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

रंग लाएगी अन्ना की मुहीम: किरन बेदी

देहरादून: इंडिया अंगेस्ट करप्शन की सदस्य किरन बेदी का कहना है कि लोकपाल मुद्दे पर अन्ना की मुहीम रंग लाएगी और घोटालेबाज पकड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि आइएसी अपने मकसद पर सफल रहा है और सरकार अगले सत्र पर लोकपाल बिल जरूर लाएगी। अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक पार्टी के संबंध में किरन बेदी ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से राजनीतिक पार्टी के पक्ष में नहीं हैं। वह राजनीतिज्ञ नहीं हैं ऐसे में वह पार्टी की सफलता और असफलता के विषय में नहीं बता सकतीं।

बुधवार को देहरादून में एक फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करने पहुंची किरन बेदी ने खुद पर बनी डाक्यूमेंट्री फिल्म 'यस मैडम सर' देखी। यह फिल्म भारत में पहली बार दिखाई गई है। इस दौरान किरन बेदी ने कहा कि यह पिक्चर स्वयं उन्होंने पहली बार देखी है और अब उनके घरवालों से पहले दून वासियों ने यह फिल्म देखी। दर्शकों के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि उनके सामने हमेशा अच्छा प्रदर्शन करने की चुनौती रहती थी, लेकिन राजनीतिक हस्तक्षेप की वजह से उन्हें खुल कर काम नहीं करने दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने इसकी परवाह की भी नहीं और हर दिन नया समझ कर काम किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी सेवक सही मायनों में काम करें तो देश तेजी से प्रगति कर सकता है, लेकिन ट्रांसफर व पोस्टिंग के फेर में सरकारी सेवक दब कर काम करते हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पहले जब वह अधिकारी थीं तो काम आसान था। कानून व अधिकार के चलते वह आसानी से काम करती थीं, लेकिन रिटायरमेंट के बाद उन्हें हर चीज के लिए सड़क पर उतरना पड़ता है।
" "