" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

आंदोलन की आग को ठंडा न पड़ने दें युवा: अन्ना


रालेगण सिद्धी। गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने गैंगरेप के विरोध में प्रदर्शन कर रहे युवाओं से संयम बरतने की अपील करते हुए अन्याय और अत्याचार के खिलाफ विरोध की आग को ठंडा न पड़ने देने का आह्वान किया है।

अन्ना ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लिखे पत्र में युवकों को याद दिलाया कि अगस्त 2011 में जन लोकपाल के मुद्दे पर उन्होंने जो आंदोलन किया था वह पूरी तरह अहिंसक था। अन्ना ने बलात्कारियों और यौन अपराध करने वालों को कड़ी सजा का प्रावधान करने वाला कानून बनाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग का समर्थन किया।

समाजसेवी अन्ना ने कहा कि सरकार को समझना चाहिए कि देश का युवा सामाजिक बदलाव चाहता है। जो लोग सरकार चला रहे हैं उन्हें यह समझना चाहिए कि अगर उनकी बेटियों और बहनों के साथ ऐसा अपराध किया जाता तो वे क्या करते। अगर लोग उत्तेजित हो रहे है तो इसमें उनकी गलती नहीं है।
उन्होने कहा कि महिलाओं की रक्षा के लिए कानून बनाना सरकार के अधिकार में है। वह इस बारे में पहले ही आश्वासन दे सकती थी।

उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरने से रोकने के लिए धारा 144 लगाकर लोकतंत्र का गला घोंट रही है। लोगों को आंदोलन करने का अधिकार संविधान से मिला हुआ है।

" "