" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

दिल्ली में गैंगरेप मामले में केजरीवाल ने भी सरकार को घेरा


नई दिल्ली। दिल्ली में रविवार की रात चलती बस में 22 वर्षीय छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म को लेकर मंगलवार को जहां संसद के दोनों सदन गर्म रहे वहीं इस मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है।

केजरीवाल ने महिलाओं के साथ बढ़ती रेप की घटनाओं के लिए पुलिस प्रशासन की ढिलाई को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि इस साल सिर्फ दिल्ली में 635 रेप की घटनाएं हुई हैं जिनमें किसी आरोपी को दंडित नहीं किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दिल्ली सरकार की इस लापरवाही से अपराध नहीं बढ़ेंगे? केजरीवाल के मुताबिक रेप के किसी भी मामले का निबटारा एक महीने में कर दिया जाना चाहिए। वर्ष 2005 में जोधपुर में जर्मन की महिला के साथ रेप के आरोपी को 16 दिनों में सजा दी गई थी। अगर, जोधपुर में इतने कम समय में कार्रवाई हो सकती है तो दिल्ली में दुष्कर्म के आरोपी को एक महीने में सजा क्यों नहीं दी जा सकती है।

अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों के लिए सख्त कानून बनाने की भी मांग की है। कहा कि दिल्ली पुलिस को पर्याप्त कदम उठाना चाहिए ताकि महिलाओं में बढ़ती असुरक्षा की भावना को खत्म किया जा सके।

" "