" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

अन्ना हजारे 15 मई के बाद आएंगे हिमाचल

टीम अन्ना के प्रमुख सदस्य मनीष सिसोदिया ने कहा है कि हिमाचल में भाजपा सरकार ने जो लोकायुक्त बिल पास किया है वह कमजोर है। उन्होंने बताया कि अन्ना हजारे 15 मई के बाद हिमाचल का दौरा करेंगे। रविवार को कुल्लू में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि एक वर्ष से देशभर में लोकपाल बिल लाने के लिए संघर्ष किया जा रहा है। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने लोकायुक्त बिल जल्दबाजी में बनाया है, जो दंतविहीन है। हिमाचल में कांग्रेस और भाजपा लोकायुक्त के नाम पर लोगों के साथ छल कर रही हैं। भ्रष्टाचार रोकने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार को उत्तराखंड की तर्ज पर लोकायुक्त बिल को लागू करना चाहिए और विधानसभा में पास किए गए बिल को खारिज कर देना चाहिए।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले आंदोलन किया जाएगा, जिसकी कार्यकर्ताओं द्वारा रूपरेखा तैयार की जा रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सशक्त लोकपाल बिल की जरूरत है और भाजपा सरकार ने अपने राजनेताओं के पक्ष में ही बिल बना दिया है, जिसका टीम अन्ना विरोध करती है। उन्होंने बताया कि अन्ना हजारे 15 मई के बाद हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। अन्ना के दौरे के दौरान प्रदेशभर के सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि वह भ्रष्टाचार को रोकने के लिए टीम अन्ना को सुझाव दें।
" "