" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

केजरीवाल का जनलोकपाल बहुत कठोर: न्यायमूर्ति ए पी शाह


दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए पी शाह ने अब भंग हो चुकी टीम अन्ना की ओर से बनाए गए जनलोकपाल विधेयक के मसौदे को बहुत कठोर करार दिया।

अरविंद केजरीवाल ने न्यायमूर्ति शाह को अपने संगठन इंडिया अगेंस्ट करपशन का आंतरिक लोकपाल घोषित किया है। राजधानी दिल्ली में राज्य लोकायुक्तों के एक सम्मेलन को संबोधित करने के दौरान शाह ने देश में भ्रष्टाचार हटाने के लिए एक मजबूत लोकपाल बनाने का समर्थन किया। हालांकि उन्होंने जनलोकपाल विधेयक की यह कह कर आलोचना भी की कि इसके कुछ प्रावधान संविधान के दायरे के भीतर नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे पास एक मजबूत लोकपाल होना चाहिए। इस पर कोई संदेह नहीं है। लेकिन मैं केजरीवाल की ओर से पेश किए गए जनलोकपाल जैसी किसी चीज का सुझाव नहीं दे रहा हूं, क्योंकि यह बहुत कठोर हैं और व्यक्तिगत तौर पर मेरा मानना है कि इसके अधिकांश प्रावधान संविधान के दायरे के भीतर नहीं हैं।

गौरतलब है कि केजरीवाल ने आईएसी के सदस्यों प्रशांत भूषण, मयंक गांधी और अंजली दामनिया के खिलाफ अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए पिछले महीने सेवानिवृत्त न्यायाधीशों का एक तीन सदस्यीय पैनल बनाने की घोषणा की थी।

" "