" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

केजरीवाल पर आम आदमी ने लगाया चोरी का आरोप


नोएडा। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और उनके 8 साथियों पर बंबावड गांव के रहने वाले समाजसेवी अजयपाल नागर ने कॉपीराइट के उल्लंघन का आरोप लगाया है। अजयपाल का आरोप है कि केजरीवाल ने उनकी किताब राज्य व्यवस्था को स्वराज के नाम से बाजार में उतार दिया है। यह किताब उन्होंने केजरीवाल को डाक के माध्यम से भेंट की थी। 


अजयपाल ने बादलपुर थाने में केजरीवाल समेत 9 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। डीएसपी दादरी अरविंद कुमार का कहना है, "मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।" अजयपाल नागर का आरोप है, "अरविंद केजरीवाल व उनके साथियों ने जान-बूझकर कपट किया है। वह किताब के मूल लेखक नहीं हैं और भारतीय राज्य व्यवस्था पर उनका कोई नैतिक अधिकार नहीं है।" 

उन्होंने कहा कि जान-बूझकर अवैध तरीके से किताब की रचना की गई है। इस मामले में आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मनीष सिसौदिया ने कहा, "हमने कभी नहीं कहा कि स्वराज हमारा आइडिया है। ऎसे में कॉपीराइट का सवाल ही नहीं उठता। स्वराज तो भारतीय शासन प्रणाली थी। गांधी, तिलक, जेपी सभी ने उसे सीखा था। हमने उसे अपने शब्दों में लिखा है और कभी यह नहीं कहा कि यह हमारा आइडिया है। हो सकता है कि अजयपाल ने भी अपने शब्दों में उसे लिखा हो।"

" "