" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

अन्ना कहें तो नहीं बनाएंगे राजनीतिक पार्टीः अरविंद केजरीवाल


नई दिल्ली। अन्ना टोली के सियासी दल बनाने को लेकर हो रहे विवाद के बीच अरविंद केजरीवाल ने सफाई देते हुए ट्वीट कर कहा है कि अगर अन्ना कहें तो राजनीतिक पार्टी बनाने का फैसला तुरंत वापस ले लेंगे। उन्होंने लिखा है कि राजनीतिक पार्टी बनाने का फैसला सबसे पहले अन्ना ने ही दिया था। केजरीवाल ने ये भी लिखा है कि अन्ना के कहने के बाद ही राजनीतिक पार्टी बनाने का फैसला लिया गया था।

गौरतलब है कि जंतर मंतर के आंदोलन के आखिरी दिन ये तय किया था गया था कि अन्ना के सहयोगी अब राजनीतिक पार्टी बनाएंगे। लेकिन बीते दिनों ऐसी खबर भी आई कि अन्ना राजनीतिक विल्प देने के फैसले पर सहमत नहीं थे। बेहद दबाव के चलते उन्हें इस फैसले पर मुहर लगानी पड़ी।


वहीं अब केजरीवाल की इस मुद्दे पर सफाई असमंजस की स्थिति साफ करने के उद्देश्य से देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि टीम अन्ना के अंदर पिछले तीन-चार महीने से राजनीतिक दल बनाने को लेकर चर्चा चल रही थी। एक पक्ष का कहना था कि टीम को दल नहीं बनाना चाहिए और आंदोलन के रूप में ही लड़ाई लड़नी चाहिए। लेकिन दूसरे पक्ष का मानना था कि आंदोलन के लिए अब ज्यादा जगह नहीं बची है, ऐसे में दल ही विकल्प है।

जानकार मानते हैं कि टीम अन्ना के अंदर होने वाला छोटे से छोटा फैसला भी अन्ना की सहमति के बिना नहीं हो सकता। इसलिए सदस्यों में किसी भी तरह की विवाद की अटकलों पर अब विराम लगा देना चाहिए।



" "